लखनऊ (उत्तर प्रदेश). केंद्र सरकार की स्मार्ट सिटी परियोजना के लागू होते ही उत्तर प्रदेश को पहला स्थान मिला है। केंद्रीय शहरी एवं आवास मंत्रालय के द्वारा चलाया गया इंडिया स्मार्ट सिटीज प्रतियोगिता में यूपी ने बाजी मारी है। इसके अलावा इस प्रतियोगिता में शामिल मध्य प्रदेश दूसरे और तमिलनाडु तीसरे स्थान पर रहा। वहीं, केंद्र शासित प्रदेशों में चंडीगढ़ टॉप पर रहा।
बताया जा रहा है कि स्मार्ट सिटी मिशन, प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना और अमृत योजना के छह साल पूरे होने पर सरकार ने शुक्रवार को इन पुरस्कारों (इंडिया स्मार्ट सिटीज अवॉर्ड) का ऐलान किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने 25 जून 2015 को इन सभी योजनाओं को शुरू किया था। केंद्र सरकार में पुरस्कारों के लिए राज्यों और शहरों को चुनने का आधार गवर्नेंस, सैनिटेशन, अर्थव्यवस्था, कल्चर, शहरी वातावरण, पानी और परिवहन को माना जाता है। लेकिन इस साल स्मार्ट सिटी परियोजना में कोरोना प्रबंधन को भी जोड़ा गया है।
वहीं, शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने इन पुरस्कारों का ऐलान करते हुए बताया कि सरकार ने 2018 में इसकी शुरुआत की थी। इंडिया स्मार्ट सिटीज अवॉर्ड कॉन्टेस्ट के जरिए शहरों को यह बताने का मौका मिलता है कि उनकी ओर से अपने शहर को स्वच्छ रखने के लिए और शहर की अर्थव्यवस्था सुधारने के लिए क्या नए विचार अपनाए गए हैं, जिससे उन सभी राज्यों की एक अलग पहचान बन सके और इंडिया स्मार्ट सिटीज अवार्ड का हकदार हो।