चंदौली (उत्तर प्रदेश). जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव की अधिसूचना जारी होते ही सपा ने चंदौली में अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है। नियामताबाद सेक्टर- 4 से निर्दल उम्मीदवार के तौर पर जिला पंचायत सदस्य का चुनाव जीतने वाले तेजनारायण यादव को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। जानकारी के मुताबिक, तेजनारायण यादव पूर्व सांसद रामकिशुन के चचेरे भाई हैं।
वहीं, सपा के उम्मीदवार घोषित करने के बाद राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। तेजनारायण यादव जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में चंदौली में सपा का चेहरा होंगे। जिला पंचायत सदस्य पद के चुनाव में सपा के कुल 11 प्रत्याशियों ने जीत हासिल की।
कुछ बागी भी लड़े और जीते
नियामताबाद सेक्टर- 4 से सपा ने पूर्व सांसद के पुत्र संतोष यादव को टिकट दिया था। लेकिन संतोष ने पार्टी का टिकट ठुकराते हुए चुनाव लड़ने से इंकार कर दिया। इसके बाद इस सीट पर तेजनारायण यादव चुनाव लड़े और जीत दर्ज की। इसकी पुष्टि करते हुए जिला महासचिव नफीस अहमद ने बताया कि शीर्ष नेतृत्व की ओर से तेजनारायण यादव को प्रत्याशी घोषित किया गया है। पूरी पार्टी सपा मुखिया के इस फैसले के साथ है। इस चुनाव में सपा जीत दर्ज करेगी।